Showing posts with label सम्प्रेषण. Show all posts
Showing posts with label सम्प्रेषण. Show all posts

Sunday, 9 April 2017

सार छंद

               महावीर

महावीर जो बन जाता है, सदा - सजग रहता है
धरा गगन सब अपनाता है, दया- मया धरता है ।

अपना प्राण सभी को प्यारा, जीव - जीव हैं भाई
सबकी रक्षा धर्म - हमारा, सबकी करो - भलाई ।

दुख में जैसे हम सब - रोते , सभी - जीव रोते हैं
सुख में जैसे हम - हँसते हैं, वह भी खुश होते हैं ।

कभी किसी को दुख ना देना, खुद भी दुख पाओगे
सभी जीव को अपना लेना, भव से तर जाओगे ।

भाव- भावना निर्मल रखकर, जीवन जीते जाओ
जीवों को परिवार मानकर, अपनापन अपनाओ।

देह - छोडना ही पडता है, मन को याद - दिलाना
कर्म- भोग सबको मिलता है, कहीं भूल ना जाना।

नर जीवन सुन्दर अवसर है, यह सार्थक हो जाए
समझाता मन का हरिहर है, बात समझ में आए ।

जीव - जन्तु से प्रेम करें हम, है दायित्व - हमारा
जीते हैं हम पशु - पक्षी सम, देख - सोच दो-बारा ।

शकुन्तला शर्मा, भिलाई, छ्त्तीसगढ   
    

Monday, 28 July 2014

पावस प्रण

पावस अपने रुदन में भी तुम जग का कितना हित करती हो
 अपनी व्यथा नीर के द्वारा धरती को  सम्प्रेषित  करती  हो ।

कृषक तुम्हारी बाट जोहता आतुर - अँखियॉ  पथ  पर  होती
देर  हुई  यदि आने  में  तो  उसकी अँखियॉ  नींद  न  सोती ।

बचपन   तेरी   करे   प्रतीक्षा  आओ   पावस   करो   शीघ्रता
यदि  तुम  आए  नहीं  तो   मेरा  रह  जाएगा  गागर   रीता ।

कहॉ  चलाऊँगा   मैं  अपनी   छोटी   सी  क़ागज़   की   नाव
गलियों में छप्पक- छप करते किस विधि पार करूँगा गॉव ।

सावन   में   आयेंगे   साजन   यही   सोचती   हैं   ललनायें
घटा  न  छाई  मेघ  न  बरसे  गीत  मिलन  के  कैसे  गायें ?

मोर   देखते   राह  तुम्हारी   मेघ  -  थिरकते   मोर   नाचता
उसके  नर्तन  की  पोथी  को  व्याकुल -  प्रेमी  सदा  बॉचता ।

दादुर  टर्र - टर्र  की  बोली  में  क्या  कुछ मन को नहीं बताते
पावस तुमसे प्रेमी - जन जीते विरह - व्यथा भी वे सह जाते ।

निश्चित  ही  नीर  रुदन   है  तेरा   तेरी   पीडा   फूट   पडी   है
जो जग को अजस्त्र - वर देता  विपदा  उसकी  बहुत  बडी है ।

पावस पल -पल पर - सेवा पर कर दे अर्पित सब कुछ अपना
अपना आपा त्याग करे वह प्राणि - मात्र की सुख - संरचना ।

मनुज कदाचित् सीख ले किंचित् पावस चिंतन पावस गरिमा
रहे  शाश्वत  सुयश  उसी का इतिहास कहे उसकी ही महिमा ।