Wednesday, 4 February 2015

मैं कुछ भी कर सकती हूँ

छत्तीसगढ की भैरी भौजी
     परिचय की मोहताज़ नहीं है ।
लाई-बडी वाली कहलाती
        यही विशेषण आज सही है ।

एक समय था जब घर भर में
            होता था उनका उपहास ।
भैया भी संग छोड गए थे
           अब कहते हैं था परिहास ।

" निच्चट भैरी हावस भौजी"
        कह कर ननंदें चुटकी लेतीं ।
देवर पीठ के पीछे हँसते
          सास हज़ार गालियॉ देतीं ।

डट-कर काम करा लेते थे
     खाने को मिलता था उपवास ।
हार गई जब भैरी भौजी
          तब छोडा अपना आवास ।

दीन-हींन दुखियारी खुद थी
            पर मन था जैसे फौलाद ।
एक टोकरी धान को लेकर
      लाई- फोड कर किया निनाद ।

लाई से फिर बडी बनाई
         लगी बेचने बडी बना - कर । 
" लाईबडी बहुत अच्छी है"
        सबने यही कहा था खा-कर ।

धीरे - धीरे गॉव के बाहर 
          लाई - बडी ने जगह बनाई ।
अपने जैसों को संग लेकर
       फिर एक फैक्ट्री तभी लगाई ।

ऑर्डर पर ऑर्डर आते हैं 
            अब भैरी - भौजी के पास ।
लाई - बडी बाज़ार में पसरी
            रहता है चारों ओर प्रवास ।

पूरे - देश में भैरी - भौजी 
                पाती रहती हैं सम्मान । 
पूरा - देश साथ है उनके 
        अपमान बन गया है वरदान ।

जीवन में कभी निराश न होना
           भैरी - भौजी ने सिखलाया ।
रात अंधेरी जितनी भी हो
           राह दिए ने खुद दिखलाया । 

शकुन्तला शर्मा , भिलाई

Monday, 2 February 2015

चेतावनी

केशर की खुशबू आती है
          ऐसा है काश्मीर हमारा ।
दृष्टि जहॉ जाती बँध जाती
      वहॉ से उठती नहीं दोबारा ।

इस केशर की बस्ती में ही
       बसा हुआ  है डोडा -  गॉव ।
लहू - लुहान सदा रहता है
        दुश्मन का बन गया ठॉव ।

पडोसी की हरक़त ऐसी
         डोडा पर होता अत्याचार ।
उठकर भाग नहीं सकता है
         डोडा  है कितना - लाचार ।

डोडा में ही हया नाम की
         रहती है एक बच्ची प्यारी ।
बडी तेज है हया - हमारी
         वह सब पर पडती है भारी ।

पर वह सैनिक की बेटी है
         वह सारी बात समझती है ।
कभी पडोसी की हरक़त को
           वह हल्के में नहीं लेती है ।

जब पापा छुट्टी पर आते
         सिखलाते हैं बंदूक चलाना ।
हया ध्यान से सीखती है
       लगता उसका सही निशाना ।

गोधूलि के समय जब हया
             अदा कर रही थी नमाज़ ।
तभी अचानक सुनी थी उसने
          सरहद के उस पार आवाज़ ।

तीन - चार मुस्टंडे थे वह
          घुस रहे थे भारत-सीमा पर ।
हया ने उनको देख लिया था
               करते थे वे ऐसा अक्सर ।

बंदूक उठाया आज हया ने
             मार दिया चारों को आज ।
फिर इत्मिनान से अदा किया
           आज उसने अपना नमाज़ ।

हे खुदा पडोसी को समझा दे
          अपनी हरक़त से आए बाज़ ।
नापाक हरक़तों का जवाब है
                क़ुबूल करो मेरा नमाज़ ।

शकुन्तला शर्मा , भिलाई [ छ. ग.]  

Wednesday, 28 January 2015

उद्यम से पारो ने पाया

देश का दिल भोपाल हमारा
      कितना सुन्दर कितना प्यारा ।
एक बार तुम आकर देखो
            तुम फिर आओगे दोबारा ।

हबीबगँज में एक मोहल्ला
     पारस - सिटी है जिसका नाम ।
भाई - चारे का मिसाल हैं
           बसते हैं जो यहॉ - तमाम ।

इस बस्ती की बात-बताऊँ
         एक लडकी की कहूँ कहानी ।
एक लँगडी लडकी है पारो
            पर पारो है बडी - सयानी ।

करुण-कथा है पारो का पति
          किसी और के साथ गया है ।
कारण इसकी दो बेटियॉ हैं
          "मुझको बेटा नहीं मिला है ।"

उस मूरख को कौन बताए
           इसमें पारो का नहीं है दोष ।
बिना दोष की सज़ा भुगतती
                धरती है मन में संतोष ।

वह झाडू- पोछा करती है
          दोनों बच्चों को पोंस रही है ।
कथा बताते समय स्वयं ही
         अपने - आपको कोस रही है ।

पच्चीस बरस की है बेचारी
           अपमानित होकर जीती है ।
डटकर काम किया करती है
            तिरस्कार को वह पीती है ।

एक दिन मैंने उसे बुलाया
          अच्छे से उसको समझाया ।
" लञ्च बनाकर बेचो पारो"
      विधि-विधान भी उसे बताया ।

पारो को बात समझ में आई
          घर में शुरू हुआ यह काम ।
चार-रोटियॉ साग-अचार
          औरों से कुछ कम हैं दाम ।

ग्राहक बढते रहे निरन्तर
       उसका बढा आत्म-विश्वास ।
 बच्चे पढने जाते  बस में
       वह स्कूल भी है कुछ खास ।

अब पारो भी मुस्काती है
            पारो ने पाया परि -तोष ।
खुश-खुश रहते हैं बच्चे भी
           सबके मन में है सन्तोष ।

रात के पीछे दिन आता है
            दिन के पीछे आती रात ।
एक - एक दिन करते करते
         बीत गई कितनी बरसात ।

बेटी डाक्टर बन कर आई
     भोपाल में प्रैक्टिस करती है ।
आईआईटी मुँबई में छोटी
        आठ सेमेस्टर में पढती है ।

रोटी- सब्ज़ी नाम से चलता
          पारो का यह पहुना - घर ।
अपनापन है इस होटल में
          जैसे हो यह अपना - घर ।

उद्यम से पारो ने पाया
      जीवन में एक नया मुकाम ।
कर्म-योग की महिमा अद्भुत
   बन सकता है मनुज - महान ।


    

     

Wednesday, 21 January 2015

उद्यम यदि हम करें निरन्तर

तरु बचपन से ही कानी थी
      सब करते थे उसका उपहास ।
अपमानित होती रहती थी
    फिर भी थी मन में एक आस ।

खेल - कूद में आगे रहती
        मिलता - रहता था ईनाम ।
पर सब कोई उसे चिढाते
       कहते थे कानी को परनाम ।

एक ऑख से ही तरु का पर
          सही निशाना लगता था ।
तीरंदाज़ी में माहिर थी
     हर पुरस्कार बस उसका था ।

स्कूल से उसको मिला सहारा
     सुविधा सब मिल जाती है ।
तरु जी-जान से भिडी हुई है
      मन भर खुशी यहॉ पाती है ।

रात के पीछे दिन आता है
          दिन के पीछे आती रात ।
इसी तरह आते-जाते फिर
       चली गई कितनी बरसात ।

तीरंदाज़ी में अब तरु भी
     सफल हो गई बनी मिसाल ।
यश वैभव इतना मिलता है
        तरु हो गई है माला-माल ।

अब तो बडे घरों से रिश्ते
         आए - दिन आते रहते हैं ।
उद्यम यदि हम करें निरन्तर
     तो हम भी सुख पा सकते हैं ।


अब मौन हो गए हैं अक्षर 

 

हिमाचल के प्रवास पर थी
        मनाली में मैं घूम रही थी ।
गुफा-हिडिम्बा देख रही थी
        देवदारु  के  पास खडी थी ।

माला लेकर एक लडकी आई
       "माला की माला खरीद लो ।"
माला की माला सुन्दर थी
        "माला कितने की है बोलो ?"

"दीदी के लिए दाम कम होगा
        मुझको दे दो केवल पचास ।"
"माला तो सुन्दर है सचमुच
          पर ज़्यादा है दाम पचास ।"

"दीदी देखो और रखी हूँ"
         कहकर उसने पलटी मारी ।
एक पॉव से वह लँगडी थी
           दुखी हुआ मन मेरा भारी ।

मैंने  दस - मालायें ले ली
         पॉच सौ का एक नोट दिया ।
वह चेंज खोजने लगी तभी
          मैंने खुद को ही हटा लिया ।

मैं मालायें लेकर जल्दी 
        भीड  में  हो  गई थी ओझल ।
मन ही मन मैं सोच रही थी
        यह माला मैं पहनूँगी - कल ।

पकड लिया माला ने मुझको
        "दीदी तुम अपने पैसे ले लो ।
तुम जल्दी में निकल गई 
           पर पैसे कैसे रखती बोलो ?

दाम तुम्हीं ने कम करवाए 
         और  दे  दिए ज़्यादा - दाम ।
रख लो अपने पैसे दीदी 
           आयेंगे कभी तुम्हारे काम ।"

मेरी - ऑखों में ऑसूँ थे 
          उसकी ऑखें भी थीं साक्षर ।
चारों ने सब बात समझ ली
            अब मौन हो गए हैं अक्षर ।






Wednesday, 24 December 2014

अभिनन्दन - अटल बिहारी वाजपेयी

देश हित में जिसने अपना घर ही नहीं बसाया
अटल जी के कर्म - योग को प्रणाम करती हूँ ।

आज़ादी  के  बाद भी तो जेल जाना पडा उन्हें
उनके  देश - प्रेम  को  सादर नमन करती  हूँ ।

संयुक्त राष्ट्र संघ में भी हिंदी को अलंकृत किया 
उस  कवि का  मैं बार - बार वन्दन करती  हूँ ।

देश - हित में आज जो अटल दिया जल रहा है
उस अखण्ड ज्योति को सौ-सौ नमन करती हूँ ।

Friday, 19 December 2014

नमामि गङ्गे

जिस नदिया की पूजा करते वह पूजा है अभी - अधूरी
अस्थि - विसर्जन करना  छोडें तब ही होगी पूजा पूरी ।

नारी  देवी  है  कहते  हैं  पर अब  भी शोषण करते हैं
राक्षस बन जाता  है  प्राणी मुँह में राम बगल में छूरी ।

गङ्गा-जल पावन होता था हमने नाली उसे बनाया
आज भी कूडा- फेंक रहे  हैं  मुँह में राम बगल में छूरी ।

मातृभूमि का गौरव गाते पर गरिमा का भाव कहॉ है
गुटका खा- कर थूक रहे  हैं मुँह में राम बगल में छूरी ।

देश  स्वच्छ  करना  है  हमको अब आई  है मेरी बारी
यह जल्दी से नहीं हुआ तो होगी फिर यह हार हमारी ।  

Saturday, 13 December 2014

विकलॉग - विमर्श - हाइकू

        एक
सूरदास है
मन से देखने का
एहसास है ।

        दो
अँधी  - भैरवी
सुन्दर गाती है ।
राग - भैरवी ।

      तीन
कुसुम - कली
देख नहीं सकती
कुसुम - कली ।

     चार
अँधा है पर
तोडता है पत्थर
सडक - पर ।

    पॉच
रानी है नाम
लंगडी  है लेकिन
करती - काम ।

     छः
गूँगी है गंगा
बरतन धोती है
मन है चंगा ।

   सात
काना - कुमार
झूम झूम गाता है
मेघ - मल्हार ।

   आठ
बहरा - राम
दिन भर करता
बढई - काम ।

    नव
अँधी है माला
अँधों को पढाती है
माला है शाला ।

    दस
लँगडा - मान
किसानी करता है
नेक - इन्सान ।

  ग्यारह
बहरा राम
टोकनी बनाता है
कहॉ आराम ?

शकुन्तला शर्मा, भिलाई, छ. ग.