Monday, 17 June 2013

ऋग्वेद


प्रथम वेद विज्ञान  काण्ड है  गुण और  गुणी जहॉं  वर्णित  हैं
व्याख्यायित पदार्थ होता है ' ऋच स्तुतौ ' से ऋक् निर्मित है ।
ब्रह्म -  सदृश   व्यापक  वाणी   है  जिसका  ओर  न  छोर   है
ऋषि    में  स्थित  अमृत - वाणी  श्रेष्ठ   मनुज  हित  डोर   है ।

वेद ' हेतु ' है  सत्य - ज्ञान  का राज - मार्ग  है आत्मज्ञान का
सत्यासत्य  निरुपण  करके  वे  हैं अधिकारी ऋषि - पद का ।
धर्म  -  अर्थ  के   वे   ज्ञाता  हैं   सबको  जो   इसे   पढाते   हैं
पर -  उपकार  में  पारंगत  वे  ही  ऋषि -  पद   को  पाते   हैं  ।

देह  मनुज  ज्यों  धारण  करता  ईश्वर जग  का आकॉंक्षी  है
सर्व - व्याप्त  वह  परमेश्वर  ही  नर के  कर्मों  का  साक्षी  है ।
अन्तर्यामी  उस परमात्मा  से  जगरक्षित  आनन्द - रूप है
वे सभी  उपासक आनंदित हैं सतत समुज्ज्वल ज्ञान रूप है ।

श्रेष्ठ - मार्ग  पर जो नर चलते  समर्थ - सिध्द वे  ही बनते  हैं
विपरीत परिस्थितियों में  भी वे शोकानल में  नहीं जलते हैं ।
सूर्य - चन्द्र  और  उषा - सदृश  ही  सबको  सुख  दें ललनायें 
तभी  सुखी  वे  हो  सकती  हैं  अन्यथा  व्यथा - वेदना  पायें ।

विद्यानिधि   से   श्रेष्ठ  कुछ   नहीं  इससे  परे   नहीं  है  सुख
विद्या से ही सम्भव  होता सत्य -  सनातन सन्तति -  सुख ।
बिन  वर्षा  ज्यों  सुखी   न  कोई  रुक्ष  जगत  हो  जाता   है 
बिन - विद्या सुख - धर्म  नहीं  है उद्यम से नर विद्या पाता है ।

विद्वानों   के   पथ  पर  जाकर  जो   विद्वता  प्राप्त  करता   है
सबके  सुख  की  अभिलाषा  में  दानवीर  सम यश पाता  है ।
जो  अनीति  प्रतिकार  हैं  करते  दुष्टों  को  करते  हैं  ताडित
वे ही नर फिर इस  वसुधा पर यश - तन से रहते हैं जीवित ।

माता आचार्या  गुरु विग्रह वत् नित्य  निकटतम  स्थित हो
मानव पाए निज इच्छित पद विद्या- विवेक  नित वर्धित हो ।
जल  - धारा स्थिर  नहीं  रहती  कल - कल  करती बहती है
वैर - भाव पर क्षमा विजित हो ऋग्वेद - नीति यह कहती है ।

आठों - अंग सत्य - मय हो यदि  सत्यपूत  हो  यदि  वाणी
गौ  -  माता  की  पूजा -  रत  जो  सर्वात्मना  वही  वरदानी ।
जल सार्थक करता  है सागर  जन -  समूह  को दे जल दान
सत् - जन भी सागर - सम  होते  आश्रित जन को देते मान ।

सूर्य   सदृश  उत्तम   वाणी  से  आश्रित  जन  को   हर्षाते   हैं
वे  ही  होते  श्रेष्ठ  प्रतिष्ठित   परम - पद  भी  वे  नर  पाते  हैं  ।
ईश्वर  सबको  देता  प्रकाश  है  सृष्टि  समूची  धारण  करता
निज - प्रकाश से अन्य लोक रच सूर्य - सूर्य का वह है  कर्ता ।

यदि  वह  सूर्य   नहीं  रचता  तो  सृष्टि  अनूठी  बनती  कैसे
कौन  मेघ  से  जल  बरसाता  नभ  आलोकित  होता   कैसे ?
यज्ञानुष्ठान  से  अभिमन्त्रित जल तरु पादप पर सींचा जाए
उस औषधि  के रस को पीकर  धर्मानुष्ठान  से सुयश  बढायें ।

तन - मन आत्म- बली  बनकर  बनो  कृतज्ञ  करो  स्वीकार
व्यय   से   विद्या   वर्धित  होती   विद्या -  दान   करें   साभार ।
उद्यम में नित हो रुचि  नर की  ऋतु के प्रति वह अनुकूल रहे
अहित  कभी   न  करे  किसी   का  उपकारी  की  शरण  गहे ।

अनल सदृश जो दीप्ति  मान हो पुरुषार्थ  चार के हों उपदेशक
ऐसे विद्वत् - जन को नित  प्रति करें  प्रणाम बनें विद् सेवक ।
घृत   से  अनल  सदा   बढता  है   ब्रह्मचर्य  से   विद्या  बढ्ती
वेद  आचरण से बल बढता नित अभ्यास से कला निखरती ।

वेद -  वाङमय   को   हम  जानें   फिर  परमात्मा  को  जाने
उद्भव -  कर्ता  पालक -  नाशक   उसी   परम  को   पहचाने । 
सर्व - व्याप्त - पावन -  पुनीत  जो  वही  सत्य  है  शाश्वत है
स्वरुप  सत्य  है  उसी  ब्रह्म  का बनो उपासक वही सतत है ।

शुभ -  कर्मों   को   करने  वाले   श्रेष्ठ -  जन्म   को   पाते  हैं
जो   अधर्म  में  रत  रहते  हैं  निम्न  योनियों  में  जाते  हैं ।
पिता निज सुत को योग्य बनाता दिव्य गुणों का दे वरदान
भगवन ! वैसी ही उत्तम- विद्या शुभ गुण  कर्मों का दो ज्ञान । 

 शकुन्तला शर्मा , भिलाई [छ.ग. ]
 



8 comments:

  1. आपकी इस प्रविष्टी की चर्चा कल मंगलवार (18-06-2013) के चर्चा मंच -1279 पर लिंक की गई है कृपया पधारें. सूचनार्थ

    ReplyDelete
  2. ऋगवेद का सरल परिचय, आभार..

    ReplyDelete
  3. बहुत सुन्दर शब्दों में वेद वचन की व्याख्या करती सुन्दर रचना
    latest post पिता
    LATEST POST जन्म ,मृत्यु और मोक्ष !

    ReplyDelete
  4. अद्भुत अनमोल संग्रहनीय प्रणाम

    ReplyDelete
  5. वेदों की अमर वाणी हमें सदा प्रेरित करती रहे..आभार इस सुंदर पोस्ट के लिए !

    ReplyDelete
  6. krga padhi mere kam ki chij hai ek nai soach hai

    ReplyDelete